फिल्म प्रोड्यूसर हाजी शकील सैफी को परिवार समेत बम से उड़ाने की धमकी
हरिद्वार, 15 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक में जियारत करने पहुंचे दिल्ली निवासी फिल्म प्रोड्यूसर और भाजपा नेता हाजी शकील सैफी को 40 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम न देने पर परिवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित के मुताबिक, फोन करने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह से जुड़ा बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जियारत के दौरान आया धमकी भरा फोन
हाजी शकील सैफी के मुताबिक, वह 14 नवंबर को दरगाह साबिर पाक में जियारत के लिए पिरान कलियर पहुंचे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। आरोप है कि फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 40 करोड़ रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य को बम से उड़ाने की धमकी भी दी गई।
धमकी मिलने के बाद हाजी शकील सैफी ने कलियर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई कराने की अपील की है। पीड़ित ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
हाजी शकील सैफी का दावा है कि उन्हें पहले भी धमकी मिल चुकी है। इस संबंध में चार नवंबर को दिल्ली के निहाल विहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब कलियर में जियारत के दौरान दोबारा धमकी मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि धमकी देने वाला कौन है और उसका वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं।
हाजी शकील सैफी का फिल्म जगत से पुराना जुड़ाव रहा है। वह सैफी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रह चुके हैं। इसके अलावा वह सामाजिक संस्था वर्ल्ड पीस हार्मनी के चेयरमैन, सैफी हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ और चैरिटेबल ट्रस्ट इंडिया सैफी फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय बताए जाते हैं।
मोबाइल नंबर की जांच में जुटी पुलिस
पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि हाजी शकील सैफी जियारत के लिए कलियर आए थे और उन्होंने मोबाइल पर धमकी मिलने की शिकायत दी है। दिल्ली में पहले से मुकदमा दर्ज होने की जानकारी भी दी गई है।
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी गई, उसकी भी गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला