चमनलाल कॉलेज के छह विद्यार्थियों ने उत्तीर्ण की यूजीसी-नेट, दो छात्राओं का विदेश में चयन
रुड़की, 29 सितंबर (हि.स.)। लंढौरा स्थित चमन लाल महाविद्यालय के छह छात्र-छात्राओं ने यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। वहीं दो छात्राओं ने विदेश में प्रवेश पाकर प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
यूजीसी द्वारा घोषित परिणाम में राजनीति विज्ञान विभाग के कामेश्वर धीमान, पुस्तकालय विज्ञान की तमन्ना और आकाश कुमार, कॉमर्स विभाग की रश्मि और हिना जहीर तथा भूगोल विभाग के विपुल कुमार ने असिस्टेंट प्रोफेसरशिप के लिए नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है।
प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में महाविद्यालय के 60 छात्र-छात्राएं यूजीसी-नेट, सीएसआईआर-नेट और गेट जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं में सफल हो चुके हैं। उन्होंने कहा महाविद्यालय में प्रवेश के साथ ही विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित और काउंसलिंग सुविधा दी जाती है।
उन्होंने बताया कि बीकॉम की छात्रा प्रीतपाल कौर का उच्च अध्ययन के लिए कनाडा में और देवांशिका शर्मा का इटली में पीएचडी कार्यक्रम में चयन हुआ है।
प्रबंध समिति अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि इससे महाविद्यालय गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने बताया कि आगामी समारोह में सफल छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने इन विद्यार्थियों की तैयारी कराने वाले शिक्षकों की भी सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला