छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में शिक्षक बरी, चार साल बाद मिली राहत

 


हरिद्वार, 29 अगस्त (हि.स.)। छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने के मामले में मुकदमे का सामना कर रहे पन्नालाल भल्ला म्युनिसिपल इंटर कॉलेज के प्रवक्ता सुनील कुमार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने बरी कर दिया है।

प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में सुनील कुमार ने बताया कि वर्ष 2021-22 में कॉलेज की एक पूर्व छात्रा ने उन पर अश्लील मैसेज और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाकर प्रधानाचार्य ओपी गौनियाल को शिकायती पत्र दिया था। प्रधानाचार्य ने पत्र प्रबंधक एवं नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती को सौंपा। प्रबंधन ने जांच समिति बनाकर बिना छात्रा के बयान के राजनीतिक दबाव में उन्हें निलंबित कर हरिद्वार कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। बाद में नगर निगम की जांच में आरोप गलत पाए जाने पर निलंबन रद्द कर बहाल कर दिया गया।

सुनील कुमार ने कहा कि मामला पैसे के लेनदेन का था। छात्रा ने मां की बीमारी के लिए चार हजार रुपये लिए थे, जिसमें से दो हजार लौटाए थे। कक्षा 12 में फेल होने के बाद छात्रा टीसी लेने आई तो बकाया पैसे मांगने पर साजिश के तहत झूठा केस कराया गया। 4 साल की सुनवाई में आरोप साबित नहीं हुए और कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला