महिला अस्पताल से लौटाई गई गर्भवती ने सुभाष घाट पर दिया बच्ची को जन्म

 


हरिद्वार, 29 नवंबर (हि.स.)। शहर के महिला अस्पताल की व्यवस्थाएं एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। अस्पताल का संचालन कर रही निजी कंपनी एनपीपीएल पर इस बार एक बेघर गर्भवती महिला को भर्ती नहीं करने का आरोप लगा है। महिला अस्पताल से कथित तौर पर निराश होकर लौटी महिला ने हरकी पैड़ी स्थित सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे बच्ची को जन्म दे दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। एक श्रद्धालु ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की मदद से जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक, ज्योति नाम की महिला गंगा घाट के आसपास भीख मांगकर अपना जीवनयापन करती है। प्रसव पीड़ा होने पर वह महिला अस्पताल पहुंची थी। महिला का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद एनपीपीएल के कर्मचारियों ने उसे भर्ती करने से इनकार कर दिया।

कथित तौर पर उससे कहा गया कि पति के आने के बाद ही उसे भर्ती किया जाएगा। इसके बाद महिला को अस्पताल से लौटना पड़ा। कुछ समय बाद सुभाष घाट पर ही उसने बच्ची को जन्म दे दिया।

घाट पर खुले आसमान के नीचे प्रसव की सूचना मिलने पर एक श्रद्धालु ने तत्काल 108 एंबुलेंस को फोन किया। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाए। इसके बाद जच्चा-बच्चा को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। इस घटना ने महिला अस्पताल की कार्यप्रणाली और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सुपरवाइजर पर छेड़छाड़ के आरोप से भी घिरी थी कंपनी-

एनपीपीएल से जुड़ा एक अन्य विवाद महिला तीमारदारों के साथ कथित छेड़छाड़ का भी रहा है। कंपनी के एक सुपरवाइजर के खिलाफ इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपित को लेकर आपराधिक पृष्ठभूमि संबंधी सवाल भी उठे थे। इसके बावजूद अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा तथा कंपनी की कार्यप्रणाली की निगरानी को लेकर सवाल बने हुए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर उठे।

सुभाष घाट की घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर महिला अस्पताल में मरीजों को किस तरह की सुविधाएं मिल रही हैं। गर्भवती महिला को कथित तौर पर पति की मौजूदगी की शर्त पर भर्ती नहीं करना गंभीर आरोप है। प्रसव जैसी आपात स्थिति में किसी महिला को तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिलना जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला