बाल अधिकार और सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
पौड़ी गढ़वाल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय विद्यालय श्रीनगर में बाल अधिकार, संरक्षण और सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 190 विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकार, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श तथा संकट की स्थिति में सहायता लेने के तरीकों की जानकारी दी गई।
जिला बाल संरक्षण इकाई की संरक्षण अधिकारी प्रज्ञा नैथानी ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम और बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी। चाइल्ड हेल्पलाइन की शकुंतला नयाल ने बताया कि किसी भी परेशानी, संकट या असुरक्षा की स्थिति में 1098 पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है।
जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश चंद्र बिडालिया ने समिति की भूमिका और बच्चों के सर्वोत्तम हित में की जाने वाली कार्रवाई के बारे में बताया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पीएलवी प्रियंका राय ने बच्चों के कानूनी अधिकार और निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी।
जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी होना उनकी सुरक्षा के लिए जरूरी है। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापिका अर्चना ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह