हरिद्वार पुलिस ने उड़ीसा के बालक को रेस्क्यू कर परिजनों को सौंपा
हरिद्वार, 10 जून (हि.स.)। हरिद्वार पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट टीम ने उड़ीसा के एक बालक को रेस्क्यू कर उड़ीसा पुलिस की मौजूदगी में परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एएचटीयू टीम ने 1 जून को अत्यंत दयनीय स्थिति में सुभाष घाट के समीप से इस बालक को रेस्क्यू कर राजकीय बाल सदन में दाखिल कराया था। उक्त बालक की भाषा बोली के आधार पर टीम ने उड़ीसा पुलिस से संपर्क साधा।
काफी प्रयासों के बाद संपर्क होने पर उडीसा पुलिस से जानकारी मिली कि दो माह से लापता उक्त बालक के संबंध में परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी। एएचटीयू टीम ने स्थानीय उडीसा पुलिस के माध्यम से उक्त बालक के परिजनों से सम्पर्क कर वीडियो कॉलिंग के माध्यम से बच्चे की पहचान करवाई। परिणाम स्वरूप उक्त बालक के पिता रविन्द्र पात्रा व उड़ीसा की स्थानीय पुलिस टीम मंगलवार को हरिद्वार पहुुँची।
आवश्यक विधिक कार्यवाही व काउंसलिंग के बाद बाल कल्याण समिति हरिद्वार के अध्यक्ष प्रिय बंधु के आदेश पर बालक को उड़ीसा पुलिस के संरक्षण में परिवार के सपुर्द किया गया।बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने हृदय से हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला