नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय छठ महापर्व

 


हरिद्वार, 13 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। देशभर के साथ उत्तराखंड में भी छठ पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है। धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा घाटों पर छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पूर्वांचल और बिहार मूल के परिवारों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह है। व्रती भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना करेंगे।

छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय के साथ व्रती व्रत का संकल्प लेते हैं। इस अवसर पर घरों की साफ-सफाई के साथ स्नान कर पूरी शुद्धता और पवित्रता के साथ सात्विक भोजन तैयार किया जाता है। परंपरा के अनुसार पहले दिन कद्दू की सब्जी, चने की दाल और चावल ग्रहण करने का विशेष महत्व है। इसके साथ ही घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत और भजन गूंजने लगे हैं। परिवार के सदस्य मिलकर पूजा की तैयारियों में जुटे हैं।

उत्तराखंड में रह रहे बिहार और पूर्वांचल मूल के परिवारों के लिए छठ पर्व अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और जड़ों से जुड़ने का अवसर भी है। घरों में पारंपरिक छठ गीतों की गूंज के बीच परिवार के सदस्य पूजा की तैयारियों में जुटे हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय से शुरू हुआ यह महापर्व सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने और व्रत के पारण के साथ संपन्न होगा।

शनिवार को खरना, रविवार को संध्या अर्घ्य

चार दिवसीय अनुष्ठान के दूसरे दिन शनिवार को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना करेंगे और गुड़ की खीर, रोटी सहित पारंपरिक प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के बाद करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी। इस दौरान व्रती अन्न और जल ग्रहण नहीं करते हैं।

पर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए श्रद्धालु गंगा घाटों और जलाशयों के किनारे पहुंचकर डूबते सूर्य की उपासना करेंगे। छठ पूजा के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रती पारण कर चार दिवसीय कठिन व्रत का समापन करेंगे।

गंगा घाटों पर छठ पूजा का विशेष महत्व-

धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा नदी के किनारे छठ पूजा का विशेष धार्मिक महत्व है। पिछले कुछ वर्षों में यहां छठ पर्व मनाने वाले परिवारों की संख्या में वृद्धि हुई है। गंगा के पवित्र जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अनुष्ठान में शामिल होते हैं। व्रती बांस के सूप और दउरा में फल, फूल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को अर्पित करते हैं।

छठ पूजा में बांस से बने सूप और दउरा का विशेष महत्व माना जाता है। पूजा सामग्री में मौसमी फल, नारियल, गन्ना, केला, दीपक और अन्य पारंपरिक वस्तुएं शामिल रहती हैं। व्रती पूरे परिवार के साथ मिलकर पूजा की तैयारियां करते हैं और घाटों पर पहुंचकर सामूहिक रूप से सूर्य उपासना करते हैं।

बाजारों में बढ़ी रौनक, पूजन सामग्री की मांग-

छठ पर्व को लेकर हरिद्वार के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। पूजा में इस्तेमाल होने वाले बांस के सूप, दउरा, टोकरी, पीतल और तांबे के बर्तन, दीपक, कलश, नारियल, गन्ना और मौसमी फलों की खरीदारी शुरू हो गई है। इसके अलावा ठेकुआ बनाने के लिए गेहूं का आटा, गुड़ और घी की मांग भी बढ़ी है। दुकानदारों को उम्मीद है कि खरना और संध्या अर्घ्य से पहले बाजारों में खरीदारी और तेज होगी।

प्रकृति और स्वच्छता का संदेश देता है छठ पर्व-

छठ पूजा केवल धार्मिक आस्था और परंपरा का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और स्वच्छता का संदेश भी देता है। इस पर्व में सूर्य को जीवन, ऊर्जा और समृद्धि का आधार मानकर उनकी उपासना की जाती है। विशेष बात यह है कि छठ में डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। इसे जीवन के प्रत्येक चरण के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति आभार का प्रतीक माना जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला