छठ पर्व पर उत्तराखंड में दिखा उत्साह,गंगा घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना
- मंत्री गणेश जोशी और सांसद बांसुरी स्वराज,मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सूर्यदेव को अर्घ्य देकर प्रदेश की खुशहाली की कामना की- देहरादून से हरिद्वार और ऋषिकेश तक गंगा घाटों पर उमड़े श्रद्धालु
देहरादून, 15 नवंबर (हि.स.)। लोकआस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का चार दिवसीय महापर्व छठ रविवार को उत्तराखंड में श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। देहरादून से लेकर धर्मनगरी हरिद्वार और ऋषिकेश तक गंगा घाटों और विभिन्न जलाशयों के तट पर श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पर्व के अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भाजपा की उत्तराखंड सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज और राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी सूर्यदेव की उपासना की।
देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और सांसद बांसुरी स्वराज ने प्रतिभाग किया। दोनों नेताओं ने सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान गणेश जोशी ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना भी की।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। उन्होंने छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आस्था, श्रद्धा, त्याग और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। छठ पूजा स्वच्छता, अनुशासन, आत्मसंयम, प्रकृति के सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश देती है। उन्होंने कामना की कि सूर्यदेव और छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे तथा उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ हुई थी। शनिवार को दूसरे दिन व्रतियों ने खरना का अनुष्ठान किया। दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा कर गुड़ से बनी खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प शुरू हुआ।
रविवार को मुख्य अर्घ्य की तैयारियों के तहत घरों में पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ बनाया गया। इसके अलावा चावल के लड्डू, नारियल, केला, सेब, संतरा, गन्ना, सिंघाड़ा और अन्य मौसमी फलों को बांस के सूप और दउरा में सजाया गया। शाम होते ही व्रती महिलाएं और पुरुष परिवार के सदस्यों के साथ पारंपरिक परिधानों में घाटों पर पहुंचे और जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।
देहरादून में प्रेमनगर, टपकेश्वर मंदिर, पटेलनगर सहित विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन हुए। वहीं हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा घाटों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भजनों से घाटों का वातावरण भक्तिमय बना रहा। खासकर पूर्वांचल और बिहार मूल के परिवारों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि छठ पूजा आस्था, श्रद्धा, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। सूर्य उपासना से जुड़ा यह पर्व प्रकृति के सम्मान और लोककल्याण का संदेश देता है। यह समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति उसकी सबसे बड़ी ताकत है और ऐसे पर्व सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का काम करते हैं। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, बिहारी महासभा के अध्यक्ष लल्लन सिंह, सचिव चंदन कुमार, जितेंद्र कुमार, सतेंद्र कुमार, प्रभात कुमार और भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
छठ महापर्व का समापन सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ होगा। इसके लिए व्रती तड़के ही घाटों पर पहुंचेंगे। सूर्योदय के समय भगवान सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा की जाएगी। इसके बाद पारण के साथ करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला