हरिद्वार में ऑटो-विक्रम की चेकिंग, 105 चालान, 25 वाहन जब्त

 


हरिद्वार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर हरिद्वार में ऑटो-रिक्शा और विक्रम वाहनों में निर्धारित किराए से अधिक वसूली और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ परिवहन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 105 चालान किए गए, जबकि 25 वाहनों को जब्त किया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा और प्रवर्तन अधिकारी नेहा झा के नेतृत्व में अधिकारियों ने आम यात्री बनकर ऑटो और विक्रम में सफर किया और किराए की आकस्मिक जांच की। कार्रवाई के दौरान परिवहन निरीक्षक अनिल, निपुल सहित विभागीय स्टाफ भी मौजूद रहा।

जांच में रानीपुर मोड़ से रेलवे स्टेशन तक दो विक्रम चालकों द्वारा यात्रियों से 300 रुपये किराया मांगने की पुष्टि हुई, जबकि इस मार्ग का सामान्य किराया 50 रुपये बताया गया है। निर्धारित किराए से कई गुना अधिक रकम मांगने पर दोनों विक्रम जब्त कर लिए गए। वहीं, एक ई-रिक्शा को ओवरलोडिंग और दो ई-रिक्शा को बिना पंजीकरण संचालित करने पर जब्त किया गया।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने, ओवरलोडिंग और बिना पंजीकरण वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों के हितों और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह की आकस्मिक जांच आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला