लोन का झांसा देकर खुलवाया बैंक खाता, साइबर ठगी की रकम मंगाकर उड़ाई
हरिद्वार, 14 अगस्त (हि.स.)। लोन दिलाने का झांसा देकर एक गरीब मजदूर का बैंक खाता खुलवाने और फिर उसी खाते का इस्तेमाल संदिग्ध लेनदेन के लिए किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खाते में साइबर ठगी से जुड़ी रकम मंगाकर एटीएम के जरिए निकाल ली गई। पीड़ित की शिकायत पर लक्सर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम बसेड़ी खादर निवासी गोविंद कुमार पुत्र अशोक कुमार (20) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 31 जुलाई को ग्राम लालचंद वाला निवासी बंटी पुत्र अशोक कुमार ने उसे लोन दिलाने की बात कही थी। इसी बहाने वह उसे बैंक खाता खुलवाने के लिए अपने साथ ले गया। आरोप है कि बंटी, रोहित, आफरीन और कलीम समेत अन्य लोग उसे सुल्तानपुर-कुन्हारी स्थित उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की शाखा में लेकर पहुंचे। पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने उसके दस्तावेज लेकर बैंक खाते की औपचारिकताएं पूरी कराईं। खाता खुलने के बाद बैंक से मिली पासबुक और एटीएम कार्ड भी आरोपियों ने अपने पास रख लिए। उसे बताया गया कि 10 से 15 दिन के भीतर उसके खाते में लोन की रकम आ जाएगी।
खाते में शुरू हुआ लाखों का लेनदेन
गोविंद ने बताया कि कुछ दिन बाद जब उसने गांव की बैंक शाखा में अपने खाते की जानकारी ली तो उसे शुरुआत में खाते में केवल 18 रुपये होने की जानकारी मिली। बाद में बैंक कर्मचारियों ने बताया कि उसके खाते में लगातार लेनदेन हो रहा है। इसके बाद जब वह सुल्तानपुर शाखा पहुंचा तो बैंक अधिकारियों ने बताया कि उसके खाते में करीब 5.60 लाख रुपये का लेनदेन हो चुका है। खाते में दर्ज मोबाइल नंबर की जानकारी लेने पर पता चला कि बैंक रिकॉर्ड में 9762274246 नंबर दर्ज था, जबकि यह नंबर उसका नहीं था। मामले की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने अपना मोबाइल नंबर बैंक में दर्ज कराया और खाता फ्रीज करा दिया।
खाता फ्रीज होने के बाद भी एटीएम से निकली रकम
पीड़ित के मुताबिक 11 अगस्त को उसके मोबाइल पर एटीएम से रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। इसके बाद वह 12 अगस्त को सुल्तानपुर शाखा पहुंचा और बैंक अधिकारियों से जानकारी ली। वहां उसे बताया गया कि खाता फ्रीज कर दिया गया था, लेकिन एटीएम को ब्लॉक नहीं किया गया था। इसके बाद एटीएम भी ब्लॉक कराया गया। गोविंद ने बैंक से खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो उसके मुताबिक खाते में कुल 7,10,660 रुपये आए थे, जबकि इनमें से 7,10,646 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने आशंका जताई कि खाते में आई रकम साइबर फ्रॉड से जुड़ी हो सकती है और आरोपियों ने उसके बैंक खाते का इस्तेमाल संदिग्ध अथवा अवैध धन के लेनदेन के लिए किया।
चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा
पीड़ित ने बंटी, रोहित, आफरीन और कलीम पर धोखाधड़ी कर बैंक खाता खुलवाने, खाते में अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराने तथा साइबर ठगी या अन्य गलत तरीके से प्राप्त रकम को खाते में मंगाकर निकालने का आरोप लगाया है। लक्सर पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खाते में हुए लेनदेन, दर्ज मोबाइल नंबर, एटीएम से निकाली गई रकम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला