चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, लगेंगे 20 पंजीकरण काउंटर
हरिद्वार, 26 फ़रवरी (हि.स.)। आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुव्यवस्थित पंजीकरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऋषिकुल मैदान में 20 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे।
इसी क्रम में मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट हरिद्वार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न विभागों की कार्ययोजना और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल ने जानकारी दी कि यात्रियों का पंजीकरण ऋषिकुल मैदान में किया जाएगा। इसके लिए 20 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाएगी। पंजीकरण केंद्र प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से सायं 7 बजे तक संचालित रहेगा।
जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश पुलिस विभाग को दिए। इस संबंध में एसपी सिटी अभय सिंह ने पुलिस की तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की।
जिलाधिकारी ने सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) को ऋषिकुल मैदान में हेल्पडेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को परिवहन संबंधी जानकारी और सहायता मिल सके। साथ ही, धामों पर अत्यधिक भीड़ या वीकेंड के दौरान हरिद्वार में संभावित भीड़ वृद्धि को देखते हुए यात्रियों के ठहरने के लिए धर्मशालाओं और आश्रमों का चिन्हीकरण करने को कहा गया। हरिद्वार के प्रमुख दर्शनीय स्थलों के साइनज बोर्ड भी तैयार कर लगाए जाएंगे।
निगम को निर्देशित किया गया कि पंजीकरण केंद्र एवं होल्डिंग एरिया में यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालय और मोबाइल टॉयलेट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और प्रतिदिन सफाई के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती की जाए। मुख्य चिकित्साधिकारी को ऋषिकुल मैदान में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए,ताकि यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी जांच समय पर की जा सके।
इसके अतिरिक्त,नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में सभी होटलों एवं रेस्टोरेंट में सिलेंडर के स्थान पर गैस पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार आने वाले यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए निःशुल्क पंजीकरण केंद्रों की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके लिए होर्डिंग, फ्लैक्स एवं साइनज बोर्ड लगाने के निर्देश जिला पर्यटन विकास अधिकारी को दिए गए।
बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और यात्रा को सुरक्षित,सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला