चारधाम यात्रा को स्वच्छ बनाने की मुहिम, यात्रा सीजन में 798 टन कचरा एकत्र

 


देहरादून, 26 सितंबर (हि.स.)। चारधाम यात्रा को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार की मुहिम के तहत यात्रा सीजन में अब तक करीब 798 टन कचरा एकत्र किया गया है। केदारनाथ, बद्रीनाथ और गंगोत्री में नगर पंचायतों की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जबकि यमुनोत्री में सफाई व्यवस्था जिला पंचायत के जिम्मे है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम आस्था और संस्कृति के साथ हिमालय की संवेदनशील पारिस्थितिकी का भी हिस्सा हैं। सरकार यात्रा को स्वच्छ, सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चारों धामों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और प्लास्टिक के रिसाइकिल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और व्यापारियों की सहभागिता भी जरूरी है।

केदारनाथ धाम नगर पंचायत क्षेत्र में अब तक 32 टन ठोस कचरा एकत्र किया गया है, जिसमें 20 टन प्लास्टिक कचरा शामिल है। यहां शहरी विकास विभाग की ओर से अतिरिक्त कॉम्पेक्टर मशीन लगाई गई है। एकत्र कचरे को गौरीकुंड पहुंचाया जा रहा है, जिसके बाद प्लास्टिक सहित अन्य सामग्री का निस्तारण किया जाएगा। केदारनाथ पैदल मार्ग पर सफाई का जिम्मा सुलभ इंटरनेशनल के पास है। संस्था ने अब तक 270 टन ठोस कचरा एकत्र किया है, जिसमें से करीब 6.5 टन प्लास्टिक कचरा रिसाइकिल के लिए भेजा गया है।

बद्रीनाथ धाम में इस यात्रा सीजन में अब तक 393 टन कचरा एकत्र हुआ है। इसमें 161 टन सूखा कचरा शामिल है। नगर पंचायत की ओर से धाम में ही ठोस कचरे को कॉम्पेक्ट किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में करीब 24 टन प्लास्टिक कचरा अलग किया गया है, जिसमें पानी की बोतलों की मात्रा अधिक है। इस प्लास्टिक कचरे को नीलामी के लिए तैयार किया जा रहा है।

गंगोत्री धाम में अब तक 98 टन कचरा एकत्र किया गया है। नगर पंचायत ने 22 टन प्लास्टिक कचरे का रिसाइकिल कर करीब 55 हजार रुपये की आय अर्जित की है। इसके अलावा कचरे से करीब 2.5 टन खाद भी तैयार की गई है। धाम क्षेत्र में रोजाना विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

यमुनोत्री धाम में अब तक 4.85 टन प्लास्टिक कचरा एकत्र कर सुरक्षित निस्तारण किया गया है। इसमें जानकीचट्टी बाजार से ग्रामीण बाजार डामटा तक 1,790 किलोग्राम और जानकीचट्टी से खरसाली बाजार क्षेत्र से 3,060 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय