पुलिस की अपील : मौसम खराब के चलते चन्द्रशिला न जाएं श्रद्धालु
रुद्रप्रयाग, 19 जून (हि.स.)। पुलिस ने आज तुंगनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालुओं से मौसम को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
पुलिस द्वारा जारी संदेश में कहा गया है कि आज क्षेत्र में मौसम अत्यधिक खराब है तथा मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे चन्द्रशिला की ओर प्रस्थान न करें।
पुलिस ने कहा कि श्रद्धालु तुंगनाथ धाम में दर्शन करने के बाद सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य के लिए रवाना हों। साथ ही प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक जोखिम लेने से बचें।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं का उत्तराखण्ड में स्वागत करते हुए उनकी सुरक्षित यात्रा की कामना की है।
उल्लेखनीय है कि पंचकेदारों में द्वितीय केदार के नाम से प्रसिद्ध तुंगनाथ मंदिर भगवान शिव का सबसे अधिक ऊंचाई वाला धाम है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल