कुलाधिपति ने कन्या गुरुकुल और एफईटी का किया निरीक्षण
हरिद्वार, 19 सितंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुरेंद्र कुमार आर्य ने दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन कन्या गुरुकुल हरिद्वार और अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय (एफईटी) का निरीक्षण किया। कन्या गुरुकुल में प्रस्तावित अध्ययन खंड-दो का वैदिक यज्ञ के साथ शिलान्यास किया गया। इस दौरान कुलाधिपति ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी प्राचीन और आधुनिक शिक्षा के समन्वय का केंद्र है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
उन्होंने कहा कि छात्राओं की जरूरत के अनुसार शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं का विकास प्राथमिकता से किया जाएगा। विश्वविद्यालय के किसी भी परिसर में शिक्षा के लिए संसाधनों की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने छात्राओं को गुरुकुलीय संस्कारों को अपने आचरण में उतारने और शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता का भाव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
एफईटी में आयोजित कार्यक्रम में कुलाधिपति ने संकाय की शैक्षणिक और तकनीकी गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान परिसर में दो ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने तथा विद्यार्थियों को जेबीएम ग्रुप में इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।
कुलाधिपति ने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में नैतिकता, मूल्यबोध और नेतृत्व क्षमता का विकास भी जरूरी है। रोबोटिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में शिक्षा एवं शोध को बढ़ावा देने के साथ विद्यार्थियों को विनिर्माण और प्रबंधन का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों का मजबूत नेटवर्क विकसित करने पर भी जोर दिया।
संकायाध्यक्ष डॉ. मयंक अग्रवाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से संकाय की उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों और परियोजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा, कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे। समारोह के दौरान संकाय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला