दो पुलों की सौगात पर चैंपियन का सियासी दांव, उमेश कुमार को घेरा
हरिद्वार, 10 नवंबर (हि.स.)। खानपुर विधानसभा क्षेत्र की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। खादर क्षेत्र में दो बड़े पुलों के निर्माण को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंजूरी मिलने के बाद पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने इसका श्रेय लेने के साथ ही मौजूदा निर्दलीय विधायक उमेश कुमार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है।
चैंपियन ने पिछले साढ़े चार साल में खानपुर क्षेत्र में विकास कार्य नहीं होने का आरोप लगाते हुए विधायक की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। इतना ही नहीं, उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपने पत्ते खोलते हुए साफ कर दिया कि भाजपा से टिकट मिला तो पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे और टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय मैदान में उतरने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने बताया कि खादर क्षेत्र के गिद्दावाली बाणगंगा घाट और सोलानी नदी घाट पर दो महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वीकृति दे दी है। इन पुलों के बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि चार जुलाई 2025 को उन्होंने मुख्यमंत्री से दोनों स्थानों पर पुल निर्माण की घोषणा कराई थी। इसके बाद शासनादेश जारी होने और जिला स्तर से फाइल शासन तक पहुंचने की प्रक्रिया पूरी हुई।
चैंपियन के अनुसार, पुल निर्माण की प्रक्रिया को गति देने के लिए उन्होंने पीडब्ल्यूडी सचिव पंकज पांडे और विभागीय मंत्री सतपाल महाराज से भी मुलाकात की थी। अब मुख्यमंत्री स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही दोनों पुलों का शिलान्यास होने की उम्मीद है। उन्होंने इसे खादर क्षेत्र की जनता के लिए दीपावली का बड़ा तोहफा बताया।
विधायक उमेश कुमार से पूछा- साढ़े चार साल में क्या मिला
दो पुलों की स्वीकृति के बहाने चैंपियन ने मौजूदा विधायक उमेश कुमार को निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि साढ़े चार साल के कार्यकाल में खानपुर विधानसभा क्षेत्र को आखिर क्या मिला? आरोप लगाया कि क्षेत्र में न डिग्री कॉलेज स्थापित हो सका, न बिजलीघर बना, न बांधों की मरम्मत हुई और न ही मंडी का विस्तार हो पाया।
उन्होंने कहा कि जनता को बड़े-बड़े वादे और राजनीतिक ड्रामेबाजी देखने को मिली, जबकि धरातल पर विकास कार्य नजर नहीं आए। पूर्व विधायक ने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए बिरला टायर्स फैक्ट्री के माध्यम से हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का दावा किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में खानपुर क्षेत्र में बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित कराने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय उतरेंगे मैदान में
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर चैंपियन के बयान ने खानपुर की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने टिकट दिया तो पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरने का विकल्प भी खुला है। उन्होंने खानपुर के साथ लक्सर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ने की संभावनाओं के संकेत दिए। चैंपियन ने कहा कि विधायक की कुर्सी पर बैठना ही जनता की सेवा का आधार नहीं है। वर्तमान में उनके पास कोई संवैधानिक पद नहीं है, लेकिन वह खुद को क्षेत्र की जनता का मुख्य सेवक मानते हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
दो पुलों की स्वीकृति को लेकर मुख्यमंत्री का आभार जताने के साथ उमेश कुमार पर हमलावर हुए चैंपियन ने साफ कर दिया है कि 2027 के चुनाव से पहले खानपुर की सियासत में उनकी सक्रियता कम होने वाली नहीं है। अब देखना होगा कि चैंपियन के इन बयानों पर विधायक उमेश कुमार की क्या प्रतिक्रिया आती है और भाजपा की चुनावी रणनीति में उनकी भूमिका क्या रहती है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला