युवा शक्ति ही विकसित भारत की आधारशिला: मुख्यमंत्री धामी

 




चम्पावत, 31 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बनबसा में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा आबादी है और युवाओं को सही दिशा, अवसर तथा मार्गदर्शन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

सुमंगलम होटल, बनबसा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपने राजनीतिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि उनके परिवार की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं थी, लेकिन देश और समाज के लिए कार्य करने की भावना ने उन्हें राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जहां भी जिम्मेदारी दी, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को जॉब सीकर से जॉब क्रिएटर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों और स्वरोजगार योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े, इसके लिए नए कॉलेजों, छात्रावासों और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही विज्ञान और खेलों को बढ़ावा देने के लिए साइंस सेंटर तथा स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी दर में उल्लेखनीय कमी आई है और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रदेश का प्रत्येक युवा शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़े तथा विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी