लोहाघाट में प्रदेश का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, जुलाई से शुरू करने की तैयारी
चंपावत, 02 मार्च (हि.स.)। लोहाघाट स्थित छमनिया में प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज को आगामी शैक्षणिक सत्र से शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विशेष सचिव अमित कुमार सिन्हा ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और प्रस्तावित खेल सुविधाओं की समीक्षा की।
यह संस्थान लगभग 256.96 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा है। इसमें छात्राओं के लिए आधुनिक खेल अवसंरचना, छात्रावास और शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। विशेष सचिव ने अधिकारियों को छात्रावास, कक्षाओं और मल्टीपरपज हॉल की व्यवस्थाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने इंडोर खेलों और फिटनेस प्रशिक्षण से जुड़ी सुविधाओं को मानकों के अनुरूप विकसित करने पर भी जोर दिया। सिन्हा ने निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एथलेटिक्स से जुड़े उपकरणों और अन्य आवश्यक ढांचे को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए फेंसिंग कार्य में तेजी लाने को भी कहा गया।
विशेष सचिव ने अधिकारियों को प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित प्रशासनिक और शैक्षणिक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य प्रदेश की बालिकाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि कॉलेज का संचालन आगामी सत्र से शुरू हो सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उपजिलाधिकारी नीतू डागर, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट और जिला युवा कल्याण अधिकारी जसवंत खड़ायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी