विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में राजनीतिक दलों की भूमिका महत्वपूर्ण ,मनीष कुमार

 


चम्पावत, 03 अगस्त (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की। इस दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का ने भी अभियान की समीक्षा करते हुए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ विस्तार से चर्चा की।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों और उनके बूथ लेवल एजेंटों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से पात्र मतदाताओं की सही जानकारी उपलब्ध कराने तथा बूथ स्तर पर समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से वंचित न रहे। यदि किसी मतदाता तक पहली बार नोटिस नहीं पहुंच पाता है तो पुनः नोटिस जारी किया जाए तथा आवश्यकतानुसार चस्पा करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर दावे एवं आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान में सकारात्मक सहयोग देने का आह्वान किया।

बैठक में बूथवार सत्यापन, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण, आवश्यक अभिलेखों की जांच तथा निर्वाचन आयोग की निर्धारित कार्ययोजना की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सतीश चन्द्र पाण्डेय, भाजपा के बीएलए-1 शंकर दत्त पाण्डेय, रोहित बिष्ट, नंदन त्यागी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल, कांग्रेस के बीएलए-1 भुवन चंद्र चौबे, बसपा प्रतिनिधि आनंद प्रसाद सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी