चम्पावत में भारी बारिश की चेतावनी, संवेदनशील क्षेत्रों पर प्रशासन की नजर
चंपावत, 14 अगस्त (हि.स.)। चम्पावत जिले में लगातार सक्रिय मानसून के बीच मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी वर्षा, तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना बनी हुई है। चेतावनी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है और सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में बीते कई दिनों से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही वर्षा के चलते कई संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। पर्वतीय मार्गों पर मलबा आने की आशंका बनी हुई है, जबकि ग्रामीण संपर्क सड़कों पर भी यातायात प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आपदा प्रबंधन, राजस्व, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, पेयजल और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा जिले के संवेदनशील और आपदा संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा किसी भी स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाएं सक्रिय रखी गई हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। साथ ही नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और भूस्खलन संभावित स्थानों के आसपास जाने से परहेज करें।
प्रशासन ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी विभागों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी