चम्पावत में 312 रिक्त उप प्रधान पदों के चुनाव की तैयारियां पूरी
चंपावत, 14 जुलाई (हि.स.)। जनपद चंपावत की ग्राम पंचायतों में रिक्त उप प्रधान पदों के सामान्य निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती के निर्देशन में चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चारों विकासखंडों के दूरस्थ क्षेत्रों हेतु मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री के साथ मंगलवार को रवाना कर दिया गया।
राज्य निर्वाचन आयोग, देहरादून की अधिसूचना के तहत जनपद के विकासखंड चम्पावत, पाटी, लोहाघाट और बाराकोट में कुल 312 रिक्त उप प्रधान पदों पर निर्वाचन कराया जाएगा। विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार चम्पावत में 113, पाटी में 84, लोहाघाट में 67 तथा बाराकोट में 48 पदों पर मतदान होगा।निर्वाचन कार्य में नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया से पूर्व विशेष प्रशिक्षण दिया गया। सभी विकासखंडों में मास्टर ट्रेनरों ने निर्वाचन अधिकारियों, सहायक निर्वाचन अधिकारियों तथा मतदान कर्मियों को चुनाव संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान मतपेटी एवं बैलेट पेपर की तैयारी, नामांकन पत्रों की बिक्री, नामांकन प्रक्रिया, जांच और चुनाव चिन्ह आवंटन सहित विभिन्न चरणों का अभ्यास कराया गया। इसके उपरांत मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री वितरित की गई।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने तथा निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री होगी। इसके बाद सुबह 10 बजे से 11 बजे तक नाम निर्देशन-पत्र जमा किए जाएंगे तथा 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक उनकी जांच की जाएगी। दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी और 12:30 बजे से 1 बजे तक चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। मुख्य मतदान प्रक्रिया दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक आयोजित होगी। मतदान समाप्त होने के बाद अपराह्न 4 बजे से मतगणना प्रारंभ की जाएगी और प्रक्रिया पूर्ण होने पर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। नामांकन से लेकर मतगणना एवं परिणाम घोषणा तक की समस्त कार्यवाही संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों में नामित निर्वाचन अधिकारियों की देखरेख में संपन्न होगी। जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी होने का दावा किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी