स्वतंत्रता दिवस पर प्रभात फेरी और क्रॉस कंट्री दौड़ का होगा आयोजन
चम्पावत, 10 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य व सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए सोमवार को नगर पालिका परिषद लोहाघाट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने की। इस दौरान उपजिलाधिकारी की उपस्थिति में विभिन्न विभागों, विद्यालयों और जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को प्रातः 8 बजे हथरंगिया चौराहे से प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसमें नगर क्षेत्र के सभी विद्यालय निर्धारित क्रम के अनुसार प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक विद्यालय द्वारा दो-दो मिनट के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही छात्र-छात्राएं स्वच्छता और नशामुक्ति संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार भी करेंगे।
नगर पालिका परिषद द्वारा प्रभात फेरी में शामिल विद्यार्थियों के लिए ट्रेटा पैक के माध्यम से जलपान की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उप जिला चिकित्सालय की ओर से चिकित्सा दल एवं एंबुलेंस तैनात रहेगी। वहीं अग्निशमन विभाग द्वारा कालू सिंह चौराहे पर फायर वाहन तैनात किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रातः 5:30 बजे से प्रभात फेरी समाप्त होने तक नगर के मुख्य मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। कालू सिंह चौराहा, स्टेट बैंक तिराहा, शीतला माता मंदिर, डिग्री कॉलेज रोड, अस्पताल चौराहा, मीना बाजार, एसडीएम चौराहा, हथरंगिया, खड़ी बाजार तथा गांधी चौक सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रातः 10 बजे नगर क्षेत्र में क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया जाएगा। बैठक में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि, वार्ड सदस्य, गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी