स्वतंत्रता दिवस पर टनकपुर में आयोजित क्रॉस कंट्री
चम्पावत, 14 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेल निदेशालय उत्तराखण्ड के सौजन्य से जिला खेल कार्यालय चम्पावत द्वारा स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में जनपद स्तरीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि टनकपुर कोतवाल चेतन रावत तथा उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।
प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में मोहित कुमार प्रथम, मयंक गुप्ता द्वितीय, अंशु कुमार तृतीय, आदर्श कुमार चतुर्थ, प्रकाश नेगी पंचम तथा आयुष एरी छठे स्थान पर रहे। अंडर-14 बालिका वर्ग में सीमा बोहरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दिया द्वितीय, नैना चोराकोटी तृतीय, पूजा चतुर्थ, नंदनी पंचम तथा दिशा छठे स्थान पर रहीं।
सीनियर बालक वर्ग में सौरभ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पवन रेशवाल द्वितीय, सौरभ बिष्ट तृतीय, आयुष खनका चतुर्थ, मनीष पांडे पंचम और राजू बिष्ट छठे स्थान पर रहे। वहीं सीनियर बालिका वर्ग में वंशिका प्रथम, सरिता द्वितीय, प्रियंका तृतीय, सिया चतुर्थ, प्रीति पंचम तथा दिशा बिष्ट छठे स्थान पर रहीं।
समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग से ललित मोहन भट्ट, रचित वल्दिया एवं चंद्र सिंह खोलिया उपस्थित रहे। खेल विभाग की ओर से फुटबॉल प्रशिक्षक गौरव खोलिया, बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुँवर और सूरज पांडे, हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह, क्रिकेट प्रशिक्षक मनोज टकवाल, वॉलीबॉल प्रशिक्षक आशा पांडे, हैंडबॉल प्रशिक्षक महेश चुफाल, ताईक्वांडो प्रशिक्षक इमरान व एथलेटिक्स प्रशिक्षक आकाश, हीरा, दीपक और राकेश जोशी सहित अनेक अधिकारी एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी