टनकपुर-खटीमा हाईवे पर हादसा, राजस्थान के चार युवक घायल
चंपावत, 06 अक्टूबर (हि.स.)। टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर विचई क्षेत्र के पास एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार राजस्थान के चार युवक घायल हो गए। इनमें दो युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान नंबर की कार टायर पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान खटीमा की ओर से आ रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना में युवराज (23) पुत्र नवीन, दिशांत (23) पुत्र ललित, प्रताप मेवरा (25) और रोहन शर्मा (18) घायल हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से उपजिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल युवराज और दिशांत को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। अन्य दो घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से घटना के संबंध में तहरीर नहीं दी गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी