लोहाघाट में तीन दिवसीय चिकित्सा शिविर, 623 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
चम्पावत, 17 अगस्त (हि.स.)। दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उप जिला अस्पताल लोहाघाट में आयोजित तीन दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर में 623 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श, जांच और उपचार की सुविधा प्रदान की गई।
स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित इस शिविर में मरीजों के लिए निःशुल्क एक्स-रे, रक्त जांच, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई थी। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
महिला स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए शिविर में सर्वाइकल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर और ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच भी की गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और नियमित जांच से बेहतर उपचार संभव हो पाता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि ग्रामीण और सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम शिविर में तैनात की गई थी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक समय पर जांच, परामर्श और उपचार पहुंचाना है तथा भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शिविरों से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को अपने नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं, जिससे उन्हें बड़े शहरों या अन्य अस्पतालों तक जाने की आवश्यकता कम पड़ती है।
शिविर के सफल संचालन में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय योगदान दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी