राष्ट्रीय स्तर पर चमके डॉ. कमल, भारत प्रतिभा सम्मान-2026 के लिए चयन
चम्पावत, 16 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा व शिक्षक प्रशिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविद् डॉ. कमल गहतोड़ी को प्रतिष्ठित भारत प्रतिभा सम्मान-2026 के लिए नामित किया गया है। भारत प्रतिभा सम्मान परिषद (बीपीएससी) की ओर से जारी आधिकारिक नामांकन पत्र में उन्हें शिक्षा एवं शिक्षक प्रशिक्षण श्रेणी में सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। परिषद की चयन समिति ने डॉ. गहतोड़ी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचारपूर्ण कार्यों, नेतृत्व क्षमता, शिक्षक प्रशिक्षण में योगदान तथा समाज के प्रति समर्पित सेवाओं के आधार पर इस सम्मान के लिए चुना है।
नामांकन पत्र में कहा गया है कि उनके प्रयासों ने न केवल शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, बल्कि समाज में सकारात्मक और रचनात्मक बदलाव लाने में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। परिषद ने अपने संदेश में कहा है कि डॉ. गहतोड़ी की उपलब्धियों और कार्यशैली ने शिक्षा एवं शिक्षक प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित किए हैं। उनके कार्य अन्य शिक्षकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। परिषद ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनका योगदान भविष्य में भी शिक्षा जगत को नई दिशा प्रदान करता रहेगा।
भारत प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का आयोजन 20 जुलाई को नई दिल्ली स्थित संविधान क्लब ऑफ इंडिया के डिप्टी स्पीकर हॉल में किया जाएगा। समारोह में देशभर से चयनित 40 विशिष्ट व्यक्तियों को 29 विभिन्न श्रेणियों में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। समारोह में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंंह कश्यारी तथा भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख एवं अरुणाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल जोगिंदर जसवंत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है। डॉ. कमल गहतोड़ी के चयन पर शिक्षा जगत, सामाजिक संगठनों तथा क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त किया है। लोगों ने इसे जनपद चम्पावत और उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह सम्मान शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे शिक्षकों, प्रशिक्षकों और युवाओं को नई प्रेरणा प्रदान करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी