नेपाल सीमा पर सप्लाई से पहले एक करोड़ की स्मैक बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

 


चम्पावत, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 306 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण व एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 28 जुलाई को सैलानी गोठ स्थित काला झाला गौशाला तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान यूपी नंबर की एक प्लैटिना मोटरसाइकिल को रोका गया।

तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल सवार गुरदीप सिंह (25) और सुनील सिंह (22), निवासी ग्राम बाजार घाट, चौकी कंबोज नगर, थाना हजारा, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के कब्जे से 306 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने यह स्मैक पीलीभीत निवासी मनु सिंह पुत्र अर्जुन सिंह से खरीदी थी। इसे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक नेपाली नागरिक को बेचने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 से अब तक जिले में मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित 40 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं तथा 54 आरोपितों की गिरफ्तारी की गई है।

कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट, हेड कांस्टेबल तपेंद्र जोशी, नासिर हुसैन, महेंद्र सिंह डंगवाल, सर्विलांस कर्मी महेंद्र डंगवाल, कांस्टेबल ललित चौधरी, उमेश राज, सूरज कुमार तथा महिला कांस्टेबल रेखा भट्ट शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी