बनबसा शिविर से अनुपस्थित अधिकारी पर डीएम सख्त
चंपावत, 02 मार्च (हि.स.)। नगर पंचायत बनबसा में आयोजित बहुउद्देश्यीय जनसेवा शिविर से अनुपस्थित रहने पर नलकूप खंड चम्पावत के अधिशासी अभियंता उमेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उनकी एक दिन की वेतन कटौती के निर्देश दिए हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे, जहां लोगों की समस्याएं सुनी जा रही थीं। हालांकि, अधिशासी अभियंता उमेश कुमार निर्धारित कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हुए। शिविर के दौरान उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन उनका मोबाइल नेटवर्क से बाहर मिला।
जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकने और इस आदेश को उनके सेवा अभिलेख में दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसेवा शिविरों और शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियां तय समय पर निभाने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी