धार्मिक पहचान छिपाकर संबंध बनाने और धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का आरोप, युवक गिरफ्तार

 


चंपावत, 29 सितंबर (हि.स.)। टनकपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने धार्मिक पहचान छिपाकर संबंध बनाने, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने और सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल करने की धमकी देने के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 28 सितम्बर को युवती ने टनकपुर कोतवाली में लिखित शिकायत दी। इसमें उसने आरोप लगाया कि मनिहारगोठ निवासी निषाद खान ने अपनी पहचान छिपाकर स्वयं को हिन्दू बताया और उससे दोस्ती की। युवती के अनुसार, इसी दौरान दोनों के बीच संबंध बने। बाद में उसे युवक की वास्तविक धार्मिक पहचान के बारे में जानकारी हुई।

शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि पहचान सामने आने के बाद युवक उस पर मुस्लिम धर्म अपनाने और निकाह करने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी भी दी गई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निषाद खान को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी