मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से चम्पावत में 24 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता
चम्पावत, 31 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से स्वीकृत आर्थिक सहायता राशि के चेक शुक्रवार को चम्पावत जिले के लोहाघाट में 24 पात्र लाभार्थियों को वितरित किए गए।
उप जिलाधिकारी नीतू डांगर ने तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लाभार्थियों को पांच-पांच हजार रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए।
उन्होंने बताया कि जन-जन की सरकार अभियान, जनता मिलन कार्यक्रम और जन समर्पण पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप पात्रों का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष गंभीर बीमारी, आकस्मिक दुर्घटनाओं और आर्थिक संकट से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों को राहत उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में मिली आर्थिक सहायता उनके लिए राहत लेकर आई है। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद लोहाघाट के अध्यक्ष गोविंद वर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री निर्मल महरा, भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी