चम्पावत में खाई में गिरी कार, चार घायल

 




चम्पावत, 11 अगस्त (हि.स.)। जनपद चम्पावत में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर बनलेख के समीप मंगलवार को एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मृत्यु की सूचना है। हादसे के बाद पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन संख्या यूके-05 टीए-5045 बनलेख क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग तथा 108 एंबुलेंस सेवा की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रेस्क्यू टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई और सभी घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय चम्पावत भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की प्रगति तथा घायलों की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए राहत कार्य में जुटी टीमों की सराहना की।इ रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ प्रभारी देवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल राम सिंह धोनी, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, किशोर सिंह और अमित मिश्रा के अलावा होमगार्ड जवान दीपक, कमल कुमार तथा नीरज सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान में पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय ग्रामीणों का भी सक्रिय सहयोग रहा।

मौके पर उपजिलाधिकारी बी.सी. पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित एसडीआरएफ और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी