चंपावत से नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 जनप्रतिनिधियों ने थामा भाजपा का दामन
देहरादून, 14 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्वाचन जनपद चंपावत से नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सोमवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नए सदस्यों का स्वागत किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों का भाजपा से जुड़ना प्रदेश में पार्टी के प्रति बढ़ते विश्वास का संकेत है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पक्ष में माहौल अब निजी समाचार संस्थानों के सर्वे में भी दिखाई देने लगा है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत की दिशा में आगे बढ़ेगी।
भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। दूरदराज के गांवों तक सड़क और बिजली पहुंचने के साथ लोगों को विभिन्न मूलभूत सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी अपने क्षेत्रों में विकास चाहते हैं, इसलिए वे विकास के साथ खड़े होने वाली सरकार का समर्थन कर रहे हैं।
उन्होंने चंपावत के लोगों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जैसा नेतृत्व देने के लिए बधाई दी। कहा कि राज्य में भाजपा के पक्ष में बने माहौल को और मजबूत करने में नए सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों को पार्टी के सिद्धांतों, विचारों और संगठन की कार्यपद्धति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि संगठन में सभी के सम्मान का ध्यान रखा जाएगा और उनकी क्षमता एवं परिस्थितियों के अनुरूप उन्हें संगठनात्मक और चुनावी कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।
पार्टी के अनुसार चंपावत जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी की प्रेरणा से नगर पंचायत पाटी के अध्यक्ष नारायण लाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संगठन गोविंद सिंह बोहरा सहित कई ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, सभासद, पूर्व छात्र एवं युवा कांग्रेस पदाधिकारी तथा सामाजिक कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली मौजूद रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय