स्वतंत्रता दिवस पर लोहाघाट को मिला 100 फीट तिरंगे का गौरव

 




लोहाघाट में 100 फीट ऊंचे तिरंगे का भव्य अनावरण

चंपावत (लोहाघाट), 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद लोहाघाट की ओर से गांधी चौक में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का भव्य अनावरण किया गया। विशाल तिरंगा फहराते ही गांधी चौक भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में नगरवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए इसे नगर के गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया।

नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत किया जा रहा है। लोहाघाट में स्थापित 100 फीट ऊंचा तिरंगा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करेगा।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी ने राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना, संरचना और तकनीकी विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा नगर की पहचान के रूप में स्थापित किया गया है और आने वाले समय में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा।

तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित शांभवी मुरारी ने युवाओं से देशहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों, महिलाओं, युवाओं और स्कूली छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी