चलती कार में अचानक लगी भीषण आग बाल-बाल बचे दो लोग

 

हल्द्वानी , 16 अगस्त (हि.स.)। शनिवार को देर शाम रामपुर रोड स्थित सिंधी चौराहे के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार के बोनट से अचानक धुआं उठते ही मौके पर हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि कार सवार महिला और चालक ने बिना पैनिक हुए तुरंत समझदारी दिखाई और वाहन रोककर बाहर निकल आए।

जानकारी के मुताबिक, कार रामपुर रोड से बाजार की तरफ जा रही थी। जैसे ही वाहन सिंधी चौराहे के समीप पहुंचा, इंजन के हिस्से से तेज धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने गाड़ी को तुरंत सड़क किनारे लगा दिया। कार सवारों के उतरते ही गाड़ी के अगले हिस्से को भीषण लपटों ने घेर लिया।यह दर्दनाक हादसा रामपुर रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप के ठीक सामने हुआ। पेट्रोल पंप के पास आग की तेज लपटें उठती देख आसपास अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भी बिना देरी किए मौके पर पहुंची। अग्निशमन दल ने समय रहते आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। इस घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।समय रहते वाहन से बाहर निकलने और स्थानीय पेट्रोल पंप कर्मियों की तत्परता से एक बहुत बड़ा हादसा टल गया। गाड़ी में अचानक आग लगने जैसी घटनाओं से बचने के लिए नियमित मेंटेनेंस और कार में अग्निशमन यंत्र रखना बेहद जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता