त्योहारों से पहले परिवहन विभाग की सख्ती, चार ओवरलोड वाहन सीज
।हरिद्वार, 18 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों के मद्देनजर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए परिवहन विभाग ने रविवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए अभियान में चार ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया, जबकि 25 वाहनों के चालान किए गए। इनमें परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाली पांच बसें भी शामिल हैं।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। मीडिया में सामने आई सूचनाओं का संज्ञान लेते हुए जमालपुर कलां क्षेत्र में विशेष चेकिंग की गई। इस दौरान ओवरलोडिंग करते मिले चार वाहनों को सीज किया गया, जिनमें एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी शामिल है।
अभियान के दौरान मालवाहक वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक भार और यात्री वाहनों में परमिट की शर्तों के उल्लंघन की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 25 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, परमिट की शर्तों का पालन नहीं करने वाली पांच बसों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।
एआरटीओ ने बस संचालकों को परमिट नियमों का पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। ओवरलोडिंग और परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से निर्धारित भार क्षमता, परमिट की शर्तों तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला