चकराता में 'विकसित भारत' जागरूकता कार्यक्रम संपन्न, विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा

 

देहरादून, 23 जुलाई (हि.स.)। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून की ओर से चकराता में आयोजित ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषयक तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम गुरुवार को संपन्न हो गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं, चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सूचना स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

समापन समारोह में कैंट बोर्ड, चकराता के उपाध्यक्ष अनिल चांदना ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर समाज में जागरूकता फैलाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कैंट इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाषण, चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जबकि जौनसार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने योग, सांस्कृतिक कार्यक्रम और चित्रकला प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग, बाल विकास विभाग तथा अन्य संस्थाओं के सूचना स्टॉलों पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

समापन अवसर पर ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ तथा ‘विकसित भारत’ विषयक चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। जौनसार पब्लिक स्कूल और कैंट इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय