कनखल में महिला से चेन झपटने वाला स्नैचर दबोचा

 


हरिद्वार, 26 सितंबर (हि.स.)। कनखल पुलिस ने आईटीआई जगजीतपुर के पास महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

आरोपित पूर्व में भी चेन स्नैचिंग के मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ कनखल, रानीपुर व ज्वालापुर कोतवाली में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक 20 सितंबर को गणपतिधाम फेस-3, जमालपुर निवासी महिला स्कूटी से घर लौट रही थीं। आईटीआई जगजीतपुर के पास बाइक सवार आरोपित ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। महिला के स्कूटी नहीं रोकने पर आरोपी ने स्कूटी में लात मार दी, जिससे महिला और उनकी तीन वर्षीय बच्ची सड़क पर गिर गईं। इसके बाद आरोपी महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। हादसे में बच्ची के सिर में चोट आई थी।

महिला की तहरीर पर कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।

मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने जमालपुर-जियापोता रोड पर चेकिंग शुरू की और बाइक सवार आरोपित को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से तमंचा, कारतूस और महिला से छीनी गई सोने की चेन बरामद हुई।

आरोपित की पहचान कुलदीप कुमार (27) पुत्र बीरबल, निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना मंडावर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2022 में भी कनखल और रानीपुर क्षेत्र में चेन स्नैचिंग के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कनखल, रानीपुर और ज्वालापुर में कई मुकदमे दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला