हरिद्वार में होमगार्ड भर्ती में फर्जीवाड़ा, 20 अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र संदिग्ध
हरिद्वार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में नीट-एमबीबीएस फर्जी प्रमाण पत्र से दाखिले का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि हरिद्वार में होमगार्ड भर्ती के दौरान कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आ गया। भर्ती प्रक्रिया में 20 अभ्यर्थियों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के शैक्षिक प्रमाण पत्र संदिग्ध पाए गए हैं। दस्तावेजों में गड़बड़ी सामने आने के बाद संबंधित अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। विभाग अब मामले में आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
जुलाई 2026 में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में होमगार्ड के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। हरिद्वार जिले में 227 पदों के लिए करीब 11 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। भर्ती के तहत दस्तावेजों का सत्यापन किए जाने के दौरान संदिग्ध प्रमाण पत्रों का मामला सामने आया।
बताया गया कि कुछ अभ्यर्थियों ने शैक्षिक प्रमाण पत्रों के आधार पर मिलने वाले अतिरिक्त अंकों का लाभ लेने के लिए कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज जमा किए थे। विभागीय जांच के दौरान 20 से अधिक अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र संदिग्ध पाए गए। विभाग के अनुसार, कुछ दस्तावेज कंप्यूटर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से तैयार किए जाने की आशंका है।
प्रमाण पत्रों में गड़बड़ी सामने आने के बाद संबंधित अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। विभाग अब मामले की गहनता से जांच कर रहा है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। भर्ती में अतिरिक्त अंक हासिल करने के लिए तकनीक के कथित दुरुपयोग का यह मामला दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
होमगार्ड के मंडलीय कमांडेंट गौतम कुमार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया था। इसमें 20 अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाण पत्र संदिग्ध मिले हैं। फिलहाल सभी संबंधित आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला