केंद्र सरकार से उत्तराखंड को 2355 करोड़ रुपये की विशेष सहायता, मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार
देहरादून, 23 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को 'पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता (एसएएससीआई)' योजना के तहत कुल 2355.54 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस वित्तीय सहायता के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास में निरंतर सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र से प्राप्त यह सहायता राज्य की विकास परियोजनाओं को गति देने में सहायक सिद्ध होगी।
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, एसएएससीआई योजना के तहत राज्य के लिए 71.94 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अतिरिक्त इसी योजना के अंतर्गत संचालित 'प्राइड ऑफ हिल्स'(पर्वतीय राज्यों के लिए विशेष विकास सहायता योजना) के तहत उत्तराखंड को 2283.60 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। दोनों मदों को मिलाकर केंद्र सरकार चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक राज्य को कुल 2355.54 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध करा चुकी है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय