जनगणना 2027: मुख्यमंत्री धामी ने डिजिटल माध्यम से की स्व-गणना, प्रदेशवासियों से भागीदारी की अपील

 

देहरादून, 16 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज कर प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े प्रदेश की भावी विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़ों का विशेष महत्व है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या और स्थानीय आवश्यकताओं की विश्वसनीय जानकारी जरूरी है। इससे विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने और संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी।

धामी ने कहा कि जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक का उपयोग महत्वपूर्ण पहल है। ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा से नागरिक अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया में आम लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होने के साथ सूचनाओं के संकलन में भी सुगमता आएगी।

उन्होंने कहा कि जनगणना में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक जानकारी महत्वपूर्ण है। प्रदेशवासी निर्धारित अवधि में स्व-गणना करें और जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को आवश्यक सहयोग दें। प्रत्येक परिवार की सहभागिता से जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 से 30 नवंबर तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय