संग्रहण केंद्र निर्माण में अनियमितता का आरोप,अध्यक्ष ने सीडीओ से की उच्चस्तरीय जांच की मांग
गोपेश्वर, 26 नवंबर (हि.स.)। चमोली जिले के दशोली विकासखंड स्थित देवर खडोरा की हरियाली स्वायत्त सहकारिता में निर्माणाधीन संग्रहण केंद्र के निर्माण और भुगतान प्रक्रिया को लेकर विवाद सामने आया है।
सहकारिता की अध्यक्ष सीमा असवाल ने जिला परियोजना प्रबंधक (रीप) पर कथित वित्तीय अनियमितताओं के बावजूद ठेकेदार को भुगतान कराने के लिए कर्मचारियों पर दबाव बनाने और विरोध करने पर वेतन रोकने और नौकरी से हटाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
अध्यक्ष की शिकायत के अनुसार,संग्रहण केंद्र का निर्माण करीब 12 लाख 28 हजार 400 रुपये की लागत से कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य से संबंधित कोटेशन, कार्यादेश, तकनीकी स्वीकृति, बिल-वाउचर और अन्य आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन किए बिना ही ठेकेदार के पक्ष में भुगतान कराने का दबाव बनाया जा रहा है।
सीमा असवाल का कहना है कि उन्होंने नियमानुसार आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और वित्तीय प्रक्रिया पूरी करने की बात कही तो उन पर अनुचित तरीके से भुगतान कराने का दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना प्रबंधक की ओर से कर्मचारियों को वेतन रोकने और नौकरी से हटाने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे उनमें भय और मानसिक तनाव का माहौल है।
शिकायती पत्र में संग्रहण केंद्र के निर्माण और वित्तीय लेनदेन की जांच के साथ कोटेशन, कार्यादेश, स्वीकृति पत्र, बिल-वाउचर, भुगतान रजिस्टर, माप पुस्तिका (एमबी) और गुणवत्ता प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराने की मांग की गई है। अध्यक्ष ने जांच पूरी होने तक संबंधित अभिलेख सुरक्षित रखने और नियम विरुद्ध भुगतान पर रोक लगाने का भी अनुरोध किया है।
उन्होंने आशंका जताई कि रीप परियोजना के तहत जिले की अन्य सहकारिताओं में बनाए जा रहे संग्रहण केंद्रों के निर्माण में भी ऐसी अनियमितताएं हो सकती हैं। उन्होंने सीडीओ से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और कर्मचारियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल