जनगणना स्वगणना की धीमी प्रगति पर सीडीओ नाराज
-नगर निकायों में शिविर लगाकर लोगों को स्वगणना के लिए करेंगे प्रेरित, कूड़ा वाहनों से भी होगा प्रचार
चमोली, 21 नवंबर (हि.स.)। जनगणना 2026 के तहत चमोली जिले में संचालित स्वगणना अभियान की धीमी प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचंद्र शेट ने नाराजगी जताई है। उन्होंने शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित कर अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रथम चरण में सभी विभागों के कर्मचारियों की स्वगणना अनिवार्य रूप से पूरी कराने को कहा।
सीडीओ ने निर्देश दिए कि 26 नवंबर तक सभी विभाग अपने-अपने कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की स्वगणना पूरी कराएं। इसके साथ ही नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कूड़ा वाहनों के माध्यम से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
उन्होंने जनगणना प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को भी स्वगणना के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिले के गणमान्य व्यक्तियों, महाविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वगणना अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि निर्धारित समयसीमा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिले के अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण