रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा सहायक कृषि अधिकारी, दस हजार की घूस ने पहुंचाया हवालात

 


हरिद्वार, 18 अगस्त (हि.स.)। सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगना खानपुर विकासखंड में तैनात सहायक कृषि अधिकारी को भारी पड़ गया। कृषि यंत्र खरीद पर मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाले सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के भाई ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए सब्सिडी का आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन की फाइल आगे बढ़ाने के बदले खानपुर विकासखंड में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान से की। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता टीम ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की।

मंगलवार को टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी अधिकारी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर हुई इस कार्रवाई के बाद संबंधित विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला