सीजनल इन्फ्लूएंजा को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
पौड़ी गढ़वाल, 03 सितंबर (हि.स.)।सीजनल इन्फ्लूएंजा और श्वसन तंत्र से संबंधित रोगों के संभावित प्रसार को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पौड़ी सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने गुरुवार को जिले के सभी चिकित्सा अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमओ ने सभी चिकित्सा इकाइयों में आइसोलेशन बेड और वार्ड तैयार रखने के साथ पर्याप्त ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रखने को कहा। आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम के माध्यम से गांव-गांव में जुकाम, बुखार, खांसी और सांस संबंधी लक्षणों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र में बीमारी का प्रकोप सामने आने पर तत्काल ब्लॉक और जिला स्तर पर आईडीएसपी अनुभाग को सूचना दी जाए। सीजनल इन्फ्लूएंजा के संदिग्ध मामलों की सघन निगरानी और नियमित रिपोर्टिंग आईडीएसपी/आईएचआईपी पोर्टल पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सारी/एसएआरआई लक्षण वाले मरीजों के नैजल और थ्रोट स्वैब सैंपल आवश्यकतानुसार नजदीकी जांच केंद्रों पर भेजे जाएंगे। किसी क्षेत्र में आईएलआई/एसएआरआई के मामलों की क्लस्टरिंग मिलने पर तत्काल जांच, निगरानी और नियंत्रण की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि जनपद स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) गठित की गई है। टीम में जिला सर्विलांस अधिकारी, फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, एपिडेमियोलॉजिस्ट और माइक्रोबायोलॉजिस्ट शामिल हैं। टीम के माध्यम से सीजनल इन्फ्लूएंजा और श्वसन संबंधी रोगों की लगातार निगरानी की जा रही हे।
सीएमओ ने लोगों से एच1एन1/सीजनल इन्फ्लूएंजा के लक्षणों और बचाव को लेकर जागरूक रहने की अपील की। बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने व समय पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लेने को कहा।
उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की। बचाव के लिए छींकते या खांसते समय नाक-मुंह ढकने, साबुन-पानी से नियमित हाथ धोने, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
बैठक में सीएमएस जिला चिकित्सालय पौड़ी डॉ. एलडी सेमवाल, डॉ. पंकज सिंह, माइक्रोबायोलॉजिस्ट दीक्षा राणा, एपिडेमियोलॉजिस्ट शिवांगी सेमल्टी सहित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में तैनात चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह