पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल जिलों में लगेंगे स्तन कैंसर जांच शिविर
देहरादून, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड में महिलाओं के स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने अहम पहल करते हुए पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल जिलों में स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए आधुनिक तकनीक आधारित स्क्रीनिंग शिविर शुरू किए हैं। इन शिविरों का आयोजन सप्ताह में दो बार किया जाएगा, जिससे खासकर पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को घर के नजदीक जांच और उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव सचिन कुर्वे ने मंगलवार को बताया कि राज्य सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक आधारित डिवाइस के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक जांच सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, जिससे समय पर स्तन कैंसर की पहचान और उपचार संभव होगा। उन्होंने सभी जिलों को इस अभियान को गंभीरता से लागू करने और अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) उत्तराखंड के मिशन निदेशक मनुज गोयल ने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य में कैंसर नियंत्रण के प्रयासों को मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि नियमित स्क्रीनिंग शिविरों के जरिए अधिक से अधिक महिलाओं की जांच संभव होगी और संदिग्ध मामलों की समय पर पहचान सुनिश्चित की जा सकेगी। उनकी प्राथमिकता है कि राज्य की हर महिला तक यह सुविधा पहुंचे।
एनएचएम निदेशक डॉ. रश्मि पंत ने इसे महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि शुरुआती पहचान से उपचार की सफलता दर बढ़ती है। वहीं मिशन निदेशक मनुज गोयल ने इसे कैंसर नियंत्रण के प्रयासों को मजबूत करने वाला कदम बताया। सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे ने कहा कि सरकार दूरस्थ क्षेत्रों तक आधुनिक जांच सुविधाएं पहुंचाकर महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
एनएचएम के सहायक निदेशक डॉ.फीदुज्जफर ने बताया कि यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। शुरुआती स्तर पर कैंसर की पहचान होने से उपचार की सफलता दर बढ़ती है और जीवन बचाया जा सकता है। पौड़ी जिले में दो डिवाइस जिला चिकित्सालय और एक उप-जिला चिकित्सालय में स्थापित किए गए हैं, जबकि टिहरी गढ़वाल में एक डिवाइस जिला चिकित्सालय में लगाया गया है। निर्देशों के तहत सभी एनसीडी क्लीनिकों में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को कैंप मोड में स्क्रीनिंग शिविर आयोजित होंगे। इस सप्ताह अवकाश के कारण पहला शिविर शनिवार को आयोजित किया जाएगा। स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध पाए गए मामलों को तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास रेफर किया जाएगा, जिससे समय रहते उपचार शुरू हो सके।
प्रत्येक एनसीडी क्लीनिक में एक चिकित्सा अधिकारी और एक स्टाफ नर्स को शिविर संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही, सभी स्क्रीनिंग से संबंधित डेटा एनसीडी पोर्टल पर दर्ज कर प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय