गडोली टी एस्टेट में ईको क्लब ने लगाए पौधे, 15 हजार पौधों का लक्ष्य

 

पौड़ी गढ़वाल, 14 सितंबर (हि.स.)। गढ़वाल में चाय की खेती को रोजगार और आजीविका का मजबूत जरिया बनाने की पहल में सेंट थॉमस कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने भी कदम बढ़ाया है। विद्यालय के ईको क्लब के सदस्यों ने गडोली टी एस्टेट में चाय पौधरोपण अभियान में हिस्सा लेकर पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय रोजगार का संदेश दिया।

गोजली क्षेत्र में कुल 15 हजार चाय के पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक करीब 2,200 पौधे रोपे जा चुके हैं। अभियान का उद्देश्य पहाड़ी क्षेत्रों में चाय की खेती को बढ़ावा देने के साथ इसे ग्रामीणों के लिए स्थायी आजीविका के विकल्प के रूप में विकसित करना है। पौधरोपण कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन की ओर से फादर जिजो पालाथिंगल, स्कूल मैनेजर सिस्टर सोमीनी, प्रधानाचार्य, ईको कमेटी प्रभारी संजय जुयाल और संगीता रावत समेत विद्यार्थी मौजूद रहे।

स्कूल प्रबंधन ने जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और कृषि विभाग का चाय की खेती को प्रोत्साहित करने, तकनीकी मार्गदर्शन देने और पौधे उपलब्ध कराने के लिए आभार जताया। विद्यार्थियों की भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण के साथ सतत आजीविका और स्थानीय रोजगार की संभावनाओं को भी बल मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह