पॉलिटेक्निक पाबौ में छात्रों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
पौड़ी गढ़वाल, 26 नवंबर (हि.स.)।स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजकीय पॉलिटेक्निक पाबौ में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को तंबाकू सेवन से होने वाले शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू और अन्य नशे की लत से दूर रखकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. अलीशा सचदेवा ने बताया कि तंबाकू सेवन से कैंसर, हृदय रोग, सांस संबंधी बीमारियों के साथ ही मुंह और दांतों से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इसका धुआं आसपास मौजूद लोगों के स्वास्थ्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने छात्रों को साथियों के दबाव में आकर तंबाकू या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने की सलाह दी। साथ ही परिवार और मित्रों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान छात्रों को कोटपा एक्ट-2003 की जानकारी दी गई और तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य शालिग्राम, प्रभारी चिकित्साधिकारी पाबौ डॉ. पंकज सिंह, सपना पंवार, अरुणा उनियाल सहित अन्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह