वृद्धाश्रम में 46 लोगों की जांच, 14 दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाए

 


पौड़ी गढ़वाल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जयहरीखाल स्थित आशियाना राधारानी वृद्धाश्रम में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में वृद्धाश्रम के बुजुर्गों सहित 46 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान 14 दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाए गए और वृद्धजनों को हाईजीन किट भी वितरित की गईं।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि बुजुर्ग समाज की मूल्यवान संपत्ति हैं और उनके अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने युवाओं से बुजुर्गों के प्रति सम्मान, देखभाल और भावनात्मक सहयोग का व्यवहार करने की अपील की। साथ ही बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य जांच, हल्का व्यायाम, संतुलित भोजन, टहलने और सकारात्मक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी।

इसी क्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम हुआ। छात्र-छात्राओं को तंबाकू, सिगरेट, शराब और ड्रग्स के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए मानसिक स्वास्थ्य और संतुलित पोषण पर ध्यान देने को कहा गया। विद्यार्थियों ने नशामुक्ति और वृद्धजन दिवस पर विचार रखे। उन्हें प्रशस्तिपत्र देकर नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. आशीष गुसाईं, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सारंग, प्रभारी प्राचार्य डॉ. फकीर सिंह, सहायक समाज कल्याण अधिकारी कामेश चौहान, वृद्धाश्रम सचिव अभिनव गुसाईं, श्वेता गुसाईं, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय डालाकोटी, ईएनटी सर्जन हर्षिता ढींगरा सहित अन्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह