पेंशन समेत पूर्व सैनिकों के कई प्रकरण निपटाए, 68 ने उठाया शिविर का लाभ

 


पौड़ी गढ़वाल, 20 अगस्त (हि.स.)। पूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं और उनके आश्रितों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए गुरुवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में विशेष शिविर आयोजित किया गया। अभिलेख कार्यालय, बंगाल अभियंता समूह की ओर से लगाए गए शिविर में वरिष्ठ अभिलेख अधिकारी कर्नल कुलदीप सिंह ने पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करन सिंह रावत ने बताया कि शिविर में पेंशन समेत पूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं और आश्रितों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों का समाधान किया गया। जिन मामलों में तत्काल निस्तारण संभव नहीं था, उनके आवश्यक दस्तावेज जुटाकर संबंधित अभिलेख कार्यालयों को भेजे गए। संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण की कार्रवाई भी की गई।

शिविर में कुल 68 लाभार्थी पहुंचे। इनमें 42 पूर्व सैनिक, 23 सैनिक विधवाएं और तीन आश्रित शामिल रहे। अधिकारियों ने लाभार्थियों को पेंशन सहित विभिन्न प्रकरणों की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी दी।

मेजर करन सिंह रावत ने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। ऐसे शिविरों से पूर्व सैनिकों को संबंधित अभिलेख कार्यालयों के अधिकारियों से सीधे संपर्क का अवसर मिलता है, जिससे लंबित मामलों के समाधान में तेजी आती है।

शिविर में नायब सूबेदार जगदीश मंडल, नायक रजनी मित्रा, सिपाही जितेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह