पौड़ी में नि:शुल्क हृदय जांच शिविर, 230 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

 


पौड़ी गढ़वाल, 04 अक्टूबर (हि.स.)।नगर पालिका बारातघर एजेंसी चौक में रविवार को भारत हार्ट इंस्टीट्यूट एंड मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल देहरादून की ओर से नि:शुल्क हृदय रोग जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 230 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को हृदय रोगों के कारणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी।

रविवार को आयोजित शिविर का शुभारंभ नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड के डायरेक्टर वीरेंद्र जुयाल ने रिबन काटकर किया। वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. चेतन शर्मा ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। उन्होंने कहा कि पौड़ी और आसपास के क्षेत्रों में हृदय रोग के मामले सामने आ रहे हैं। शिविर में जांच के दौरान कई लोगों में धूम्रपान की आदत पाई गई। उन्होंने कहा कि धूम्रपान हृदय रोगियों के लिए गंभीर रूप से नुकसानदायक हो सकता है।

लोगों को धूम्रपान छोड़ने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई। हॉस्पिटल के मार्केटिंग मैनेजर सुनील कुकरेती ने बताया कि शिविर में ईसीजी, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की निशुल्क जांच के साथ कार्डियोलॉजिस्ट से परामर्श की सुविधा दी गई। सामाजिक कार्यकर्ता राकेश गोरशाली ने चिकित्सकों और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

शिविर में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, जिला उपाध्यक्ष क्रांति किशोर नेगी, पूर्व सभासद रंजीता गोरशाली, मंडल महामंत्री स्वप्निल धस्माना, जिला आईटी संयोजक मनीष ममगाईं, सभासद शुभम रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष विनय शर्मा, जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह