धामी मंत्रिमंडल के 23 प्रस्तावों पर मुहर, आशा कार्यकत्रियों का मानदेय 1,700 रुपये बढ़ा

 


-हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर लंबा पॉड टैक्सी कॉरिडोर बनाने को मंजूरी, चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की सरकारी गारंटी

देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए। इनमें आशा कार्यकत्रियों के मासिक मानदेय में 1,700 रुपये की वृद्धि, वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने, हरिद्वार में पॉड टैक्सी परियोजना और सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 को मंजूरी देने सहित कई महत्वपूर्ण फैसले शामिल हैं।

मंत्रिमंडल ने आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1,700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि को मंजूरी दी है। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।

वन विभाग में वन आरक्षी के पदों पर सीधी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय लिया गया है। यह व्यवस्था 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। इससे वन आरक्षी भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी।

केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 के प्रावधानों के तहत उत्तराखण्ड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 प्रख्यापित करने का निर्णय लिया गया। इसके लागू होने से संगठित और असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सकेगा। असंगठित कर्मकारों और भवन निर्माण कर्मकारों के कल्याण के लिए अलग-अलग बोर्ड गठित करने तथा सामाजिक सुरक्षा कोष बनाने का प्रावधान किया गया है।

उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने का भी निर्णय लिया गया। कर्मचारी राज्य बीमा योजना में फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) की सीधी भर्ती के लिए डी.फार्मा के साथ बी.फार्मा को भी शैक्षिक योग्यता में शामिल किया जाएगा।

चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई। राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए अनिवार्य राजकीय सेवा संबंधी बॉण्ड की व्यवस्था को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत पीजी की पढ़ाई पूरी करने वाले चिकित्सकों को दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों के अस्पतालों में दो वर्ष की अनिवार्य सेवा देनी होगी। इसका उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों और सीनियर रेजीडेंट की कमी दूर करना है।

पेराई सत्र 2026-27 में सहकारी और सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने के लिए 207.75 करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति देने का निर्णय लिया गया। इसमें बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलें शामिल हैं। इससे गन्ना किसानों को समय पर गन्ना मूल्य भुगतान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

आबकारी विभाग में राजस्व संग्रह बढ़ाने और अवैध शराब पर प्रभावी नियंत्रण के लिए दो परिक्षेत्रों को बढ़ाकर सात परिक्षेत्रों में पुनर्गठित किया जाएगा। इसके तहत उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित किए जाएंगे। इस प्रकार विभाग में कुल 11 नए पदों को मंजूरी दी गई है।

मंत्रिमंडल ने हरिद्वार शहर में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) यानी पॉड टैक्सी परियोजना 'हरिद्वार दर्शन' के निर्माण को मंजूरी दी। परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर बनाए जाएंगे। पहला कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें 15 स्टेशन होंगे। दूसरा कॉरिडोर सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर का होगा, जिसमें चार स्टेशन प्रस्तावित हैं। तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें दो स्टेशन होंगे।

तीनों कॉरिडोर की कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर और स्टेशनों की संख्या 21 होगी। परियोजना के लिए 6.9555 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी, जिसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। इसके अतिरिक्त निर्माण कार्यों के लिए पांच वर्ष तक दो हेक्टेयर अस्थायी भूमि की जरूरत होगी।

मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को राज्य में विविध निर्माण कार्यों के लिए सूचीबद्ध कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने का निर्णय लिया। संस्था को पांच जनपदों में ऑटोमेटेड, मैकेनाइज्ड और टनल पार्किंग के निर्माण कार्य आवंटित किए गए थे, लेकिन लंबे समय तक काम शुरू नहीं किए जाने के कारण यह फैसला लिया गया।

भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2011 के मानकों में शिथिलीकरण के लिए भूखंड के क्षेत्रफल और भवन के उपयोग के आधार पर अलग-अलग सक्षम स्तर निर्धारित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में निर्माण संबंधी मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो सकेगा।

महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की व्यवस्था में भी संशोधन किया गया। मंत्रिमंडल ने एक अगस्त 2025 के शासनादेश के स्थान पर छह अक्टूबर 2021 के शासनादेश के अनुसार शुल्क निर्धारित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। सरकार का मानना है कि इससे वैधानिक निर्माण और नियोजित विकास को प्रोत्साहन मिलेगा तथा अवैध प्लॉटिंग पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क को 15 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया है। वहीं क्षतिपूर्ति शुल्क को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया गया है। इसके लिए जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क की पांच प्रतिशत दर को क्षतिपूर्ति शुल्क में शामिल किया जाएगा। पूर्व में रॉयल्टी की बढ़ी हुई दरें स्थगित रहेंगी।

ऋषिकेश के बापूग्राम आरक्षित वन की 594.90 एकड़ अधिसूचित वन भूमि को लेकर मंत्रिमंडल ने उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन और आगामी कार्रवाई के लिए वन भूमि को अधिसूचना से मुक्त (डीनोटिफाई) करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दी। इस संबंध में वन विभाग की ओर से प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।

इसके अलावा उत्तराखण्ड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव नीति-2024 को अधिक्रमित कर नई नीति-2026 लागू करने को मंजूरी दी गई। उत्तराखण्ड सेतु आयोग सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली-2026, उत्तराखण्ड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा (संशोधन) नियमावली-2026 और महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान (कर्मचारियों की सेवा) संशोधन नियमावली-2026 को भी अनुमोदन दिया गया।

राजस्व निरीक्षक और रजिस्ट्रार कानूनगो के पदों पर पदोन्नति तथा सेवा संबंधी व्यवस्था तय करने के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित करने का निर्णय लिया गया। वहीं, डॉ. दिनेश चंद्र ध्यानी, सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक (प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग) को समान सेवा लाभ प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

मंत्रिमंडल ने उत्तराखण्ड विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान किए जाने की भी संस्तुति की।धामी मंत्रिमंडल के फैसले:

- उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित होगा।-उत्तराखण्ड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 लागू करने को मंजूरी। संगठित एवं असंगठित कर्मकारों के लिए अलग-अलग बोर्ड और सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन होगा।+ईएसआई योजना में फार्मासिस्ट भर्ती की शैक्षिक योग्यता में डी.फार्मा के साथ बी.फार्मा भी शामिल होगा।-पेराई सत्र 2026-27 के लिए बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी मिलेगी।-एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा (संशोधन) नियमावली-2026 को मंजूरी।-राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो वर्ष की अनिवार्य राजकीय सेवा का बॉण्ड अनुमन्य।-उत्तराखण्ड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव नीति-2026 को मंजूरी।-निर्माण कार्य शुरू नहीं करने पर एनएचआईडीसीएल को कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने का निर्णय।-उत्तराखण्ड विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का सत्रावसान करने की संस्तुति।-उत्तराखण्ड सेतु आयोग सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली-2026 को मंजूरी।-उत्तराखण्ड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा (संशोधन) नियमावली-2026 को मंजूरी।-आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह सहित कुल 11 नए पद सृजित होंगे।-आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि पर निर्णय के लिए मुख्यमंत्री अधिकृत।-सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक डॉ. दिनेश चंद्र ध्यानी को समान सेवा लाभ देने के प्रस्ताव को मंजूरी।-जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क 15 से घटाकर 10 प्रतिशत और क्षतिपूर्ति शुल्क 10 से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया गया।-राजस्व निरीक्षक एवं रजिस्ट्रार कानूनगो की सेवा और पदोन्नति व्यवस्था पर विचार के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित होगी।-वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष की गई। यह व्यवस्था 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी।-भवन उपयोग और भूखंड क्षेत्रफल के आधार पर भवन निर्माण नियमों में शिथिलीकरण के लिए अलग-अलग सक्षम स्तर निर्धारित होंगे।-महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरें छह अक्टूबर 2021 के शासनादेश के अनुसार निर्धारित होंगी।- हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर लंबी 'हरिद्वार दर्शन' पॉड टैक्सी परियोजना को मंजूरी। तीन कॉरिडोर में 21 स्टेशन प्रस्तावित।-ऋषिकेश के बापूग्राम आरक्षित वन की 594.90 एकड़ भूमि को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक स्वीकृति।- उत्तराखण्ड महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान (कर्मचारियों की सेवा) संशोधन नियमावली-2026 को मंजूरी।-आशा कार्यकत्रियों के मासिक मानदेय में 1,700 रुपये की वृद्धि को मंजूरी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय